भंडरा । प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा भवन में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी ने आकाशी पंचायत में अबुआ आवास योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन लाभुकों को बुलाया गया था जिन्होंने आवास की पहली किस्त लेकर भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।जानकारी के अनुसार आकाशी पंचायत में कुल 28 ऐसे लाभुक हैं, जिन्होंने पैसा लेने के बाद भी एक ईंट तक नहीं जोड़ी है।
10 लाभुकों को एक माह का अल्टीमेटम, 18 पर होगा केस
बैठक में 28 में से केवल 10 लाभुक ही उपस्थित हुए। बीडीओ ने मौजूद 10 लाभुकों को कड़ी हिदायत देते हुए एक माह के अंदर लिंटल लेवल तक काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि सरकार गरीबों को छत देने के लिए पैसा दे रही है, इसका दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं बैठक से बिना सूचना के गायब रहने वाले 18 लाभुकों पर बीडीओ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी 18 अनुपस्थित लाभुकों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा कि जो लाभुक आवास नहीं बनाना चाहते वे सरकारी राशि तुरंत वापस करें ताकि दूसरे जरूरतमंद को योजना का लाभ मिल सके। मौके पर आवास समन्वयक एलेक्स कुजूर, जनसेवक राजेश भगत, आवास मित्र हरिचरण उरांव सहित प्रखंड कर्मी मौजूद थे।

















Total Users : 1223114
Total views : 3071632