होल्डिंग टैक्स कम करने के लिए सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव, अनिल उरांव ने उठाई आवाज
ठकुराइन तालाब का होगा कायाकल्प, शंख नदी से बख्शीदीपा तक लगेंगी रोपवे लाइटें
लोहरदगा। नगर परिषद लोहरदगा की बोर्ड की सामान्य बैठक गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष अनिल उरांव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, जनसुविधाओं और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे अहम निर्णय बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स को कम करने के लिए नगर विकास विभाग को सर्वसम्मति से प्रस्ताव भेजने का रहा।
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स से शहर की जनता परेशान है। खासकर गरीब और निम्न वर्ग के परिवारों के लिए टैक्स का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है। जनता की समस्याओं को देखते हुए टैक्स में कमी के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि दशहरा पूजा से पहले शंख नदी से बख्शीदीपा तक रोपवे लाइट लगाने का काम शुरू कराया जाएगा। वहीं, छठ पर्व से पूर्व ठकुराइन तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके तहत तालाब के बीच में वाटर फाउंटेन, चारों ओर पेवर ब्लॉक, बैठने के लिए आरसीसी बेंच और आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें लगाने की योजना है।
बैठक में नगर परिषद परिसर में भगत सिंह सहित स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करने तथा शहर के खाली पड़े चौक-चौराहों पर भी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं लगाने पर सहमति बनी। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए शहर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही शहर के सभी प्रमुख पथों पर कालीकरण कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति कीड़ों, सिटी मैनेजर जया लक्ष्मी भगत, करण कुमार, सचिन कुमार, संजय कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे।


















Total Users : 1223111
Total views : 3071628