S.I.T. गठित कर तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
जमुई (बिहार) : जमुई जिले में नाबालिग छात्रा और उसके मित्र के साथ छेड़खानी एवं अभद्र व्यवहार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष S.I.T. (विशेष जांच दल) का गठन किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जमुई पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में जमुई थाना कांड संख्या-428/26, दिनांक 21 सितंबर 2026, के तहत धारा 74/76(3)(5) बीएनएस एवं 08/12 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक विभूजित दयाल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष S.I.T. का गठन किया गया है। टीम द्वारा मामले से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
जमुई पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो को तकनीकी माध्यम से टेक डाउन कराने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान




















Total Users : 1193091
Total views : 3030243