तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, ग्रामीणों ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के मीरपुर पंचायत अंतर्गत धौलाचक बांध में सोमवार को एक मजदूर का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान सोनबरसा गांव निवासी कैलाश भुइयां के 35 वर्षीय पुत्र मंगला भुइयां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगला भुइयां शुक्रवार दोपहर से लापता था और परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की नजर बांध के पानी में तैरते शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना के एएसआई संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगला बांध में नहाने गया होगा और इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से उसकी डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि मंगला मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। पिता की मौत के बाद तीनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।






















Total Users : 1193098
Total views : 3030250