रिश्वतखोरी पर प्रहार: 15 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ाया राजस्व उप निरीक्षक, अंचल में मचा हड़कंप
चतरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। चतरा अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग की ट्रैप टीम द्वारा की गई।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, भ्र०नि० हजारीबाग थाना कांड संख्या-09/26, दिनांक 14.09.2026 के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैप टीम ने चतरा अंचल के हल्का-VII में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को शिकायतकर्ता श्री तुलसी यादव से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए 15 सितंबर 2026 को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7(a) के तहत दर्ज मामले के आधार पर की गई।
गिरफ्तारी के तत्काल बाद सक्षम प्राधिकारी ने झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-9(2)(क) के तहत श्री सतीश प्रसाद को 15 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, जिसका भुगतान झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-10 के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। कारावास से मुक्त होने के उपरांत सतीश प्रसाद को जिला स्थापना शाखा, चतरा में योगदान करना होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।





















Total Users : 1193099
Total views : 3030252