मयूरहंड (चतरा)। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के ढोढ़ी एवं मधनियां गांव में प्रभात फेरी निकाली गई। पंचायत करमा, मंझगांवा एवं सोकी की जलसहिया दीदियों के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में भद्रकाली उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान जलसहिया दीदियों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वच्छता संबंधी स्लोगन के माध्यम से ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। लोगों से घर, गली-मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छ पेयजल एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।

अभियान के दौरान बताया गया कि स्वच्छ गांव केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित साफ-सफाई से गंदगी और प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ कई बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है। बच्चों और युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर समाज में स्थायी जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक विशाल कुमार सिंह, भद्रकाली उच्च विद्यालय के प्राचार्य नीरज प्रसाद उर्फ मनोज दांगी, ओम कोचिंग सेंटर के संस्थापक वीरेंद्र कुमार, शिक्षक अवधेश पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। जलसहिया दीदियों ने ग्रामीणों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।




















Total Users : 1193099
Total views : 3030252