एक बच्चे को बचाने के प्रयास में पांच अन्य भी गहरे पानी में उतरे; मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां
बिहार के भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में करम-धरम पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पोखर में स्नान करने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार में हुआ। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
बताया गया कि करमा-धरमा पर्व को लेकर बच्चे पोखर में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते सभी छह बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण पोखर की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल सुलतानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी छह बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मची चीख-पुकार
छह बच्चों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। पर्व के दिन जिन परिवारों में बच्चों के घर लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, पिता धनंजय मंडल, निवासी रजंदीपुर, सबौर; मीनाक्षी कुमारी, पिता वाल्मीकि मंडल; आयुष कुमार, पिता विनोद मंडल; राहुल कुमार, पिता पूरब मंडल; पूजा कुमारी, पिता पूरन मंडल और विकास कुमार, पिता रंजन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतकों में पांच बच्चे विष्णुटोला, नगर परिषद सुलतानगंज के वार्ड संख्या 27 के रहने वाले थे, जबकि ज्योति कुमारी रजंदीपुर, सबौर की निवासी थी।
भागलपुर भेजे गए शव
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सभी छह बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। एक साथ छह बच्चों की मौत से सुलतानगंज और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। करम पर्व की सुबह जिन घरों में उत्सव का माहौल था, वहीं कुछ घंटों बाद मातम और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान






















Total Users : 1193098
Total views : 3030250