घाट में दफन मिला नवजात, दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र खोदकर बरामद; पुलिस जांच में जुटी
लोहरदगा। जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के हेंजला कालीपुर श्मशान घाट से पुलिस ने जमीन में दफन एक नवजात शिशु का शव बरामद किया है। सूचना मिलने के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार को सूचना मिली थी कि हेंजला कालीपुर श्मशान घाट में एक नवजात शिशु का शव दफन किया गया है। बताया गया कि जानवरों द्वारा शव को नुकसान पहुंचाए जाने के कारण उसका कुछ हिस्सा जमीन के बाहर दिखाई दे रहा था।

थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीओ के निर्देश पर कब्र खोदकर शव निकालने के लिए कुड़ू अंचल के सीआई सोहन सिंह मुंडा को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया।
सूचना के आधार पर कुड़ू थाना के सअनि सुकू सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर नवजात शिशु का शव बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नवजात की मौत कैसे हुई, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
नवजात के शव को दफन किए जाने को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी संभावना की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नवजात की मौत जन्म से पहले हुई थी या जन्म के बाद उसे दफनाया गया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नवजात को श्मशान घाट में किसने और किन परिस्थितियों में दफन किया। शव की पहचान और घटना से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि नवजात शिशु का शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारण तथा पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।





















Total Users : 1139625
Total views : 2965501