Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

11 लाख की अवैध अफीम के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एनएच-22 पर स्पेशल टीम की बड़ी कार्रवाई, पंजाब भेजी जा रही थी 2.5 किलो अफीम; मास्टरमाइंड की तलाश तेज

चतरा। चतरा पुलिस ने अवैध अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 500 ग्राम गीला अफीम के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। सदर थाना क्षेत्र के चतरा-गया मुख्य मार्ग एनएच-22 स्थित लरकुआ मोड़ के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 3,150 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लावालौंग क्षेत्र से अवैध अफीम लेकर पंजाब जाने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस को देखकर भागा, जवानों ने खदेड़कर दबोचा

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने लरकुआ मोड़ के पास संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखते ही भागने लगा। इसके बाद सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पवन कुमार, निवासी कोलकोले गांव, थाना लावालौंग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अलग-अलग पैकेटों में 2 किलो 500 ग्राम गीला अफीम बरामद हुआ। साथ ही यात्रा में प्रयुक्त 3,150 रुपये नगद भी जब्त किए गए।

पंजाब तक फैला है तस्करी का नेटवर्क

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह अफीम की खेप पंजाब पहुंचाने जा रहा था। गिरोह के मास्टरमाइंड ने उसे निर्देश दिया था कि वह पंजाब में तय स्थान पर पहुंचे, जहां अन्य तस्कर उससे अफीम रिसीव कर लेते। पुलिस का मानना है कि यह एक अंतर्राज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। गिरफ्तार तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

अभियान में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, एसआई राहुल सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने इस कार्रवाई को जिले में अवैध अफीम तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment