पीपा पुल पार करने के दौरान हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बचाया; एनटीपीसी बैराज के बचाव दल पर उठे सवाल
टंडवा (चतरा)। चतरा जिले के टंडवा स्थित गेरुआ नदी में अचानक आए उफान और तेज बाढ़ के कारण बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी पर बने अस्थायी पीपा पुल को पार करने के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गए। पानी का दबाव इतना तेज था कि दोनों मोटरसाइकिलें देखते ही देखते नदी की धार में बह गईं। हालांकि टंडवा पुलिस और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के दौरान रामगढ़ के दो युवक किसी तरह तैरकर नदी के सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए। वहीं टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू निवासी संजय पासवान नदी के गहरे पानी और तेज लहरों के बीच फंस गए। लगातार पानी में डूबने और दम घुटने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
स्थिति गंभीर होते देख टंडवा पुलिस के जवानों ने बिना देर किए नदी में उतरकर संजय पासवान को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।
500 मीटर दूर बैराज, फिर भी नहीं पहुंचा रेस्क्यू दल

घटना के दौरान सबसे गंभीर सवाल घटनास्थल पर बचाव व्यवस्था को लेकर उठ रहे हैं। बताया गया कि हादसे वाले स्थान से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर एनटीपीसी का बड़ा बैराज स्थित है। इसके बावजूद घटना के समय वहां से कोई आधिकारिक रेस्क्यू या बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि स्थानीय ग्रामीण और टंडवा पुलिस के जवान समय पर सक्रिय नहीं होते तो तीनों युवकों की जान पर बन सकती थी। स्थानीय स्तर पर त्वरित बचाव कार्रवाई के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।
थाना प्रभारी ने राहगीरों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा ने आम लोगों और राहगीरों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में उफनती नदी या पानी में डूबे पीपा पुल को पार करने का जोखिम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने लोगों से सुरक्षित मार्ग का इस्तेमाल करने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





















Total Users : 1139665
Total views : 2965543