परिजनों ने थाना में दिया लिखित आवेदन, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की बात
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने इस संबंध में गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लिखित आवेदन के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि एक युवक ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ गलत काम किया गया। आवेदन में यह भी बताया गया है कि आरोपी पिछले करीब चार महीनों से मोबाइल के माध्यम से किशोरी के संपर्क में था।
परिजनों का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सामाजिक स्तर पर बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया। इसके लिए आरोपी पक्ष से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री ने बताया कि नाबालिग से संबंधित मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






















Total Users : 1139642
Total views : 2965519