महिलाओं और युवतियों ने निकाली कलश यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ
कुंदा (चतरा)। श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर कुंदा प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध ऐतिहासिक तीर्थस्थल महादेव मठ में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ हुआ। दोपहर करीब 3:30 बजे आयोजित कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं एवं युवतियों ने हिस्सा लिया।
सुबह से ही महादेव मठ परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर उसे मठ परिसर में विधिवत स्थापित किया गया। कलश यात्रा के समापन के बाद पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान के साथ अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ किया गया।
आयोजन समिति के अनुसार अखंड हरिकीर्तन 24 घंटे तक चलेगा। इसमें कुटिल, टिकैतबांध, लेवाड़, इचातु सहित आसपास के कई गांवों से कीर्तन मंडलियां शामिल होंगी। पुजारी उदयनाथ मिश्रा सहित अन्य पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है।
मठ कमेटी एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर महादेव मठ में प्रत्येक वर्ष धार्मिक आयोजन की परंपरा रही है। इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की जाती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पंडित दीनदयाल जी महाराज मठ कमेटी के अध्यक्ष सह कुंदा मुखिया मनोज साहू, पूर्व अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि लवकुश गुप्ता, कोषाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि जीतेन्द्र सौंडिक, विशाल वर्मा, रवि वर्मा समेत मठ कमेटी एवं आयोजन समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।





















Total Users : 1139665
Total views : 2965543