25 फलदार पौधे लगाए गए, पर्यावरण संरक्षण के साथ तालाब को पार्क के रूप में विकसित करने पर जोर
पत्थलगड़ा (चतरा)। रविवार को पत्थलगड़ा प्रखंड के सिंघानी गांव स्थित मुस्लिम मोहल्ले के तालाब परिसर में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। सिंघानी विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार दांगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी उर्फ भगत जी, सीओ सह प्रभारी बीडीओ उदल राम, थाना प्रभारी राकेश कुमार एवं मुखिया राधिका देवी ने पौधारोपण कर की।
इस दौरान सिंघानी तालाब परिसर में 25 फलदार पौधे लगाए गए। सिंघानी विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार दांगी ने कहा कि पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई है। गांव के सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पौधे लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य गांव की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
तालाब के विकास पर भी दिया जोर
जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी उर्फ भगत जी ने कहा कि सिंघानी गांव मां भगवती की गोद में बसा हुआ है और प्राकृतिक रूप से काफी सुंदर है। उन्होंने कहा कि सिंघानी तालाब पर जल्द ही पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
सीओ सह प्रभारी बीडीओ उदल राम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस तालाब को भविष्य में पार्क के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। इसके लिए प्रशासन ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही उनकी सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। पेड़-पौधों से पर्यावरण का संतुलन बना रहता है और हमें स्वच्छ एवं ताजी हवा मिलती है। कार्यक्रम में सिंघानी विकास समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षक नारायण राम दांगी ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, समिति के सचिव दीपक राज, उपाध्यक्ष सुजेक सिन्हा, उपसचिव सह वार्ड सदस्य मोहम्मद इसराइल, संयोजक राजेश रजक, उप कोषाध्यक्ष मुकेश केसरी, मीडिया प्रभारी संजय राणा, कार्यकारी सदस्य हासीम अंसारी, संजय दांगी, रितेश कुमार, मोहम्मद इस्माइल, मोहम्मद अकबर, मोहम्मद इदरीश, मोहम्मद अबदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






















Total Users : 1125283
Total views : 2945628