विवाहिता ने नए आशिक के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, पति ने शव नहर में फेंकने में दिया साथ
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों और प्रेम की आड़ में रची गई खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। आरोप है कि एक विवाहिता ने अपने पुराने प्रेमी की हत्या अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर कर दी और इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने पति को भी साजिश में शामिल कर लिया। पुलिस ने मामले में महिला और उसके नए प्रेमी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अब शव को नहर में फेंकने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में महिला के पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला अलीगढ़ के हरदुआगंज क्षेत्र से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार सहरोई गांव निवासी अमित का जवां क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित अपने ननिहाल में आना-जाना था। इसी दौरान उसकी पहचान कल्पना नामक महिला से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बाद में कल्पना की जिंदगी में बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव निवासी लोकेश आया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
बताया गया कि जब अमित को कल्पना और लोकेश के संबंधों की जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। अमित और लोकेश के बीच फोन पर भी कहासुनी और विवाद होने लगा था। इसी बीच 30 अप्रैल 2026 को अमित अपने परिवार से विवाद के बाद घर से निकल गया। उसने फोन पर कल्पना को बताया कि वह उसके पास आ रहा है।
आरोप है कि देर रात अमित जब कल्पना के घर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद कल्पना और लोकेश ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को करीब एक दिन तक घर के अंदर छिपाकर रखा गया। इसके बाद रात में लोकेश ने कल्पना के पति संजू को भी साजिश में शामिल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संजू और लोकेश ने मिलकर अमित के शव को मोटरसाइकिल पर लादा और कासिमपुर स्थित अपर गंग नहर में ले जाकर फेंक दिया। कुछ दिनों बाद हरदुआगंज क्षेत्र के सिकंदरपुर माछुआ गांव के पास नहर से पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया। बाद में शव की पहचान अमित के रूप में हुई।
अमित के लापता होने और नहर से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कथित साजिश की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी महिला कल्पना और उसके कथित नए प्रेमी लोकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हालांकि, मामले में महिला का पति संजू, जो रेलवे में वेंडर का काम करता था, पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस टीम पिछले करीब पखवाड़े से उसकी तलाश में जुटी थी। संभावित ठिकानों और रेलवे से जुड़े स्थानों पर उसकी तलाश की जा रही थी।
बताया गया कि जैसे ही संजू छिपते-छिपाते अपने गांव वापस लौटा, हरदुआगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इस हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे तीनों प्रमुख आरोपियों—कल्पना, लोकेश और संजू—को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में पुलिस आगे की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।






















Total Users : 1182071
Total views : 3015321