फांसी लगाकर आत्महत्या करने का जेल प्रशासन का दावा, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
चतरा। चतरा मंडल कारा में बंद टीएसपीसी के कथित उग्रवादी मंटू गंझू (22 वर्ष) उर्फ दिलेश जी की शनिवार देर रात मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार, उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। बाद में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में जेल प्रशासन की ओर से सदर थाना में यूडी केस दर्ज कराया गया है।
मंटू गंझू पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केवाल गांव का निवासी था। घटना की पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव ने बताया कि मंटू टीएसपीसी से जुड़ा था और चतरा जिले में सक्रिय रहा था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज थे। वह कुंदा थाना कांड संख्या 21/2024 के तहत चतरा मंडल कारा में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था।
इलाज के दौरान हुई मौत
थाना प्रभारी के अनुसार, जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी कि कैदी ने देर रात आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन की ओर से सदर थाना में यूडी केस दर्ज कराया गया है। शव का मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
वहीं, मृतक के भाई संतु सिंह ने सदर थाना में आवेदन देकर जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के आरोप और जेल प्रशासन के दावे के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।






















Total Users : 1125283
Total views : 2945628