युवक की जांघ में लगी गोली, हाथ-पैर पर तलवार से हमला; हजारीबाग रेफर, आरोपियों की तलाश जारी
चतरा। चतरा शहर के कुरैसी मोहल्ले में रविवार शाम दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी और तलवारबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में मो. शहजाद कुरैसी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी जांघ में गोली लगी है, जबकि तलवार से किए गए हमले में हाथ और पैर पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
घायल शहजाद को परिजनों ने आनन-फानन में चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
बाइक सवार हमलावरों पर घेरकर हमला करने का आरोप
घायल के भाई के अनुसार, दोनों भाई एक स्थान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार कई लोग वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। पीड़ित परिवार ने अकबर, असगर, रॉकी उर्फ आसिफ, समीर, कोका तथा अख्तर कुरैशी के बेटों समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों में शामिल एक महिला घर से पिस्तौल लेकर आई और आरोपियों को गोली चलाने के लिए उकसाया। इसके बाद शहजाद की जांघ में गोली मार दी गई। गोलीबारी के बाद तलवार एवं लाठी-डंडों से भी हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों ने सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग की
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।























Total Users : 1125283
Total views : 2945628