डिवाइडर पार कर सामने से आ रही कार से टकराई स्कॉर्पियो; डीआईजी और ड्राइवर की मौके पर मौत, गनर समेत कई घायल
स्वतंत्रता दिवस के दिन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मातम पसरा दिया। सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-अंबाला मार्ग पर झबीरन कट के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही कार से जा टकराई। भीषण टक्कर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। एसपी यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव के अनुसार डीआईजी परमिंदर सिंह, जिनकी उम्र करीब 48 वर्ष बताई गई है, मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद किसी काम से अंबाला की ओर जा रहे थे। झबीरन कट के पास उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन उछलकर दूसरी लेन में जा पहुंचा और सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया।
गनर समेत दूसरी कार के तीन लोग घायल
डीएम अरविंद चौहान के अनुसार डीआईजी परमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के रूपनगर (रोपड़) के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अंबाला जा रहे थे। हादसे में उनके गनर जयराम को भी गंभीर चोटें आई हैं। 36 वर्षीय जयराम मूल रूप से पटियाला का रहने वाला बताया गया है और उसका उपचार जारी है।
जिस कार से डीआईजी की स्कॉर्पियो की टक्कर हुई, उसमें तीन लोग सवार थे। हादसे में गुरूनानक सिंह (49), देवेन्द्र कौर (55) और गुरुनाम सिंह (55) घायल हुए हैं। तीनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए गए हैं। देवेन्द्र कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद देहरादून-अंबाला मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि घटनास्थल पर आवश्यक जांच की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
वरिष्ठ आईटीबीपी अधिकारी की सड़क हादसे में मौत की खबर से पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा बलों में शोक की लहर है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर देहरादून-अंबाला मार्ग पर सड़क सुरक्षा, वाहन नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।























Total Users : 1125278
Total views : 2945623