स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
लोहरदगा, 6 अगस्त। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, सुरक्षा, साफ-सफाई, चिकित्सा, यातायात और सम्मान समारोह सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 8 बजे से शहर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम होगा। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारी शंख नदी और समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा, गुदड़ी बाजार स्थित महात्मा गांधी, अजय उद्यान स्थित एसपी अजय सिंह, उपायुक्त कार्यालय के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर, पावरगंज चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सोमवार बाजार स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा मैना बगीचा स्थित वीर बुधू भगत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।
मुख्य समारोह बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:05 बजे मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। उपायुक्त सुबह 7:45 बजे अपने आवास तथा 10:30 बजे समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, आईटीडीए कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण होगा। जवाहर नवोदय विद्यालय, जोगना में 11:15 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आईटीडीए परियोजना निदेशक को कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को कार्यक्रम स्थल पर प्रकाश, ध्वनि, वेंटिलेशन, प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन, नगर क्षेत्र की सफाई तथा बीएस कॉलेज स्टेडियम की सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य समारोह में चिकित्सा सुविधा के लिए एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार तथा ओआरएस और ग्लूकोज की व्यवस्था रहेगी। वहीं 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस वर्ष 10वीं और 12वीं के जिला टॉपर्स, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला स्तरीय पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य समारोह की परेड में जिला पुलिस बल की तीन टुकड़ियां, महिला पुलिस बटालियन, विभिन्न विद्यालयों की एनसीसी इकाइयां तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियां भाग लेंगी। परेड का पूर्वाभ्यास 10 से 13 अगस्त तक बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, नजारत उप समाहर्ता अभिनीत सूरज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।





















Total Users : 1111685
Total views : 2927747