*72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के प्रारूप का हुआ प्रकाशन, अधिकारियों ने किया निरीक्षण*
===========
*लोहरदगा।*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित *मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026* कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को पूरे राज्य के साथ-साथ 72-लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में भी मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) का प्रकाशन किया गया।
इस क्रम में प्रातः 11:00 बजे लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची की प्रारूप प्रतियां प्रदर्शित की गईं। साथ ही *एएसडीडी सूची* भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की गई, ताकि मतदाता अपने नाम एवं अपने परिवार के सदस्यों के नामों का सत्यापन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची की प्रारूप प्रतियां निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के कार्यालयों आदि के सूचना पट्ट पर भी प्रदर्शित की गईं, जहां बड़ी संख्या में मतदाताओं ने पहुंचकर सूची में अपने एवं अपने परिजनों के नामों का अवलोकन किया।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना के निर्देश पर जिले के पदाधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रारूप प्रकाशन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसी क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने भंडरा प्रखंड स्थित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय तथा लोहरदगा शहरी क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर प्रारूप सूची के प्रदर्शन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन करवाया।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी *संदीप कुमार मीना* ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) एवं एएसडीडी सूची की प्रतियां संबंधित सभी बीएलओ के पास भी उपलब्ध हैं। यदि कोई मतदाता अपने मतदान केंद्र तक नहीं जा सकता है तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम पता कर सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता चाहें तो मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट https://ceo.jharkhand.gov.in/ अथवा लोहरदगा जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट https://lohardaga.nic.in/ पर उपलब्ध संबंधित लिंक के माध्यम से भी प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडी सूची का अवलोकन कर सकते हैं। इसके लिए मतदाताओं को अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र तथा ,पार्ट नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि, संशोधन, विलोपन अथवा नए नाम जोड़ने की आवश्यकता हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र के माध्यम से दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची अधिक से अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके।























Total Users : 1111690
Total views : 2927753