Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

राहुल दुबे गैंग से मुठभेड़ में दो अपराधी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्टल, मोबाइल और बाइक बरामद

हजारीबाग: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि केरेडारी थाना (पगार ओपी) क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रगुप्त कोल खनन परियोजना के परिवहन मार्ग पर कुछ संदिग्ध अपराधी बाइक से घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर केरेडारी थाना और पगार ओपी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम जब बुकरू गांव के जंगल के समीप पहुंची तो सुबह करीब 3:20 बजे एक अपाची बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस वाहन देखकर बाइक चालक ने वाहन मोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक गिर गई। इसके बाद दोनों अपराधी जंगल की ओर भागने लगे।

भागने के दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस ने सुरक्षित मोर्चा लेते हुए पहले उन्हें हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन अपराधियों ने फायरिंग जारी रखी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली फायरिंग कर रहे अपराधी के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। उसका हथियार भी मौके पर गिर गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० रागीब अफजल (पिता– रफीक अंसारी, निवासी चेपाखुर्द, थाना डाड़ीकला, बड़कागांव) तथा जितेंद्र सोनी (पिता– ईश्वर सोनी, निवासी चंडीहारीयातु, थाना पगार ओपी, केरेडारी) के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग रोड पर चलने वाली कंपनियों में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से वे कई स्थानों पर फायरिंग कर चुके हैं और घटना के बाद जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को तत्काल पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए बड़कागांव अस्पताल भेजा गया।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, केरेडारी थाना प्रभारी, पगार ओपी प्रभारी, केरेडारी थाना एवं पगार ओपी के सशस्त्र बल तथा तकनीकी एवं संगठित अपराध शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment