Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

3.60 करोड़ के प्लस-2 विद्यालय भवन निर्माण की होगी जांच

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

सोशल मीडिया पर वायरल खबर के बाद जिला प्रशासन सक्रिय, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित; 10 दिनों में मांगी रिपोर्ट

प्रतापपुर (चतरा)। सोशल मीडिया पर वायरल समाचार के बाद जिला प्रशासन ने प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू मॉडल उच्च विद्यालय के भवन निर्माण में कथित अनियमितता एवं घटिया निर्माण की शिकायत को गंभीरता से लिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, चतरा रवि आनंद ने पत्रांक-640, दिनांक 22 जुलाई 2026 के माध्यम से मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

प्रशासन के अनुसार विद्यालय भवन का निर्माण लगभग 3.60 करोड़ रुपये की लागत से करीब तीन वर्ष पूर्व कराया गया था। शिकायत में कहा गया है कि भवन के कई हिस्सों में प्लास्टर उखड़ने लगा है तथा दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं। इससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।

मामले की तकनीकी एवं भौतिक जांच के लिए गठित समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, चतरा, जिला अभियंता, जिला परिषद, चतरा तथा सहायक अभियंता, भवन प्रमंडल, चतरा को शामिल किया गया है। समिति को भवन की तकनीकी स्थिति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा संबंधित संवेदक की भूमिका की विस्तृत जांच कर साक्ष्य एवं स्पष्ट मंतव्य सहित 10 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, चतरा को भी जांच समिति को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित भवन में इतनी कम अवधि में आई दरारों और उखड़ते प्लास्टर के लिए कौन जिम्मेदार है तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment