परिजनों और पुलिस की समझाइश भी बेअसर, गांव में दिनभर लगा रहा लोगों का जमावड़ा
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र का एक प्रेम प्रसंग इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेमी के जेल जाने के बाद उसकी प्रेमिका सीधे उसके घर पहुंच गई और पिछले दो दिनों से वहीं डटी हुई है। युवती के इस कदम से गांव में हंगामे जैसी स्थिति बन गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी गौतम कुमार और एक युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसी मामले में 27 जून को युवती की शिकायत पर हंटरगंज थाना में युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद युवक ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
युवक के जेल जाने के बावजूद युवती उसके घर पहुंच गई और वहीं रहने की जिद पर अड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से हटने को तैयार नहीं हुई। इतना ही नहीं, युवती ने अपने माता-पिता के साथ जाने से भी साफ इनकार कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, पुलिस ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





















Total Users : 1092621
Total views : 2901302