राशन कार्डधारी बुजुर्ग का मौके पर हुआ KYC, तत्काल बहाल हुई राशन की सुविधा
चतरा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाए तथा उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार के दौरान पत्थलगड्डा प्रखंड के बरवाडीह निवासी लगभग 63 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रौफ ने उपायुक्त को बताया कि राशन कार्ड होने के बावजूद उन्हें राशन का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला आपूर्ति विभाग के संबंधित पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया। जांच में पाया गया कि लाभुक का ई-केवाईसी (KYC) लंबित होने के कारण राशन वितरण बाधित था। इसके बाद मौके पर ही उनका ई-केवाईसी पूर्ण कराते हुए समस्या का तत्काल समाधान कराया गया, जिससे उन्हें राशन का लाभ मिलने लगा।
समस्या के त्वरित समाधान पर मोहम्मद अब्दुल रौफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन ने बताया कि समाहरणालय परिसर में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।























Total Users : 1092603
Total views : 2901281