धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और घायल छात्रों से पीएम की माफी की मांग दोहराई
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में घायल हुए एक युवक को मीडिया के सामने लाकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे छात्रों पर पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जबकि सरकार पहले ही इस आरोप से इनकार कर चुकी है।
राहुल गांधी ने कहा कि पैलेट गन लगने से एक छात्र की आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घायल छात्र का समय पर इलाज नहीं होने पर उसकी आंख की रोशनी जाने का खतरा है। राहुल ने कहा कि अभी तक डॉक्टरों की टीम मौके पर नहीं पहुंची है और घायल छात्र को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने घायल छात्र को मीडिया के सामने दिखाते हुए कहा कि वह तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहा था, तभी उसे पैलेट गन से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार यह कह रही है कि पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं हुआ, लेकिन घायल छात्र इसकी वास्तविकता का प्रमाण है। राहुल ने यह भी कहा कि छात्र ने पुलिस भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक होने से उसका भविष्य प्रभावित हुआ।
राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी वजह से देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई है और उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। राहुल गांधी ने अपनी तीन प्रमुख मांगों को दोहराते हुए कहा कि जब तक सरकार इन्हें स्वीकार नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस की ओर से रखी गई प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा घायल छात्रों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक माफी शामिल है।






















Total Users : 1092626
Total views : 2901307