सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की बैठक, जांच के बाद दर्जनों दिव्यांगों को मिला प्रमाण पत्र
लोहरदगा। सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को मेडिकल बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इस शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों की शारीरिक जांच के उपरांत उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया गया।
मेडिकल बोर्ड की इस बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों के स्वास्थ्य और दिव्यांगता के प्रतिशत की गहन जांच की गई। मानक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों के लिए मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार हर बुधवार को सदर अस्पताल परिसर में मेडिकल बोर्ड की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा, “मेडिकल बोर्ड में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दिव्यांगजनों की जांच की जाती है और इसके आधार पर ही प्रमाण पत्र निर्गत किए जाते हैं।”
सिविल सर्जन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जिन दिव्यांगजनों ने अब तक अपना प्रमाण पत्र नहीं बनवाया है, वे प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाले इस मेडिकल बोर्ड में आकर अपनी जांच कराएं और प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।






















Total Users : 947314
Total views : 2702389