लोहरदगा। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बुधवार को बोर्ड की सामान्य बैठक संपन्न हुई। बैठक में अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो, अध्यक्ष अनिल उरांव, उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर और कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) मुक्ति कीडो की उपस्थिति में शहर के कायाकल्प को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।
बैठक के दौरान शहर की सूरत बदलने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें मुख्य रूप से शहर में एक अत्याधुनिक मॉडल बस स्टैंड का निर्माण, मुख्य पथों का जीर्णोद्धार और डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही, शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित चालू चापाकलों में सोलर जल मीनार लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या को दूर किया जा सके।
बाजार व्यवस्था और स्वच्छता पर जोर
शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ईओ मुक्ति कीडो ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में संचालित मांस-मछली की दुकानों को खादगढ़ा स्थित वेंडिंग मार्केट में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एजेंसी के कामकाज की समीक्षा की गई और उसमें सुधार के निर्देश दिए गए।
जन शिकायतों के लिए जारी होगा टोल फ्री नंबर
अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल के लिए जल्द ही एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से लोग अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे दर्ज करा सकेंगे। बैठक में पावरगंज चौक के नाम परिवर्तन और नए नगर परिषद कार्यालय व पुस्तकालय निर्माण पर भी गंभीर चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर नगर परिषद के कर्मचारी और विभिन्न वार्डों के पार्षद मुख्य रूप से उपस्थित थे।





















Total Users : 947784
Total views : 2702996