10 दिवसीय सीएटीसी-1 कैंप में लेंगी हिस्सा, नेतृत्व व सैन्य कौशल का मिलेगा प्रशिक्षण
गिद्धौर (चतरा)। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिंडारकोण की 20 एनसीसी कैडेट्स बुधवार को दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए हजारीबाग स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिलवार के लिए रवाना हुईं। यह शिविर 29 अप्रैल से 8 मई तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कैडेट्स सीएटीसी-1 के तहत विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगी। शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, योग, नेतृत्व विकास, संचार कौशल एवं फायरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करेंगी। कैंप में टीएससी (थल सेना कैंप) के लिए प्रतिभागियों का चयन भी किया जाएगा। इसके लिए कैडेट्स को ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, फायरिंग, हेल्थ एंड हाइजीन तथा जेडीएफएस जैसी परीक्षाओं से गुजरना होगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, एकता और राष्ट्र सेवा की भावना का विकास होगा तथा वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और बेहतर तरीके से समझ सकेंगी। सभी कैडेट्स विद्यालय के सीटीओ दीपक कुमार के नेतृत्व में शिविर के लिए रवाना हुईं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास कुमार केसरी ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल उनके कौशल में निखार आता है, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक रणधीर कुमार, जितेंद्र गुप्ता, भरत राम, महेंद्र कुमार, हरी साव, वीरेंद्र तिर्की, विनय कुमार, तालेश्वर कुमार गुप्ता, बालेश्वर साव, शोम्पी कुमारी, भास्कर कुमार पाठक, विशाल कुमार कर्ण तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। सभी ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Also Read: समाज कल्याण व बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा, आंगनबाड़ी सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश
Also Read: दर्दनाक हादसा: आंधी-तूफान के बीच बरगी डैम में डूबा क्रूज; 9 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता























Total Users : 941826
Total views : 2694911