40-45 लोग थे सवार, 24 को सुरक्षित निकाला गया, पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख का मुआवजा, सीएम ने दिए जांच के आदेश
जबलपुर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद दर्दनाक और रुला देने वाली खबर सामने आई है। यहां प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘बरगी डैम’ (नर्मदा नदी) में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान के कारण पर्यटकों से भरा एक क्रूज (बड़ी नाव) अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में शुक्रवार सुबह तक 9 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 24 लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई है। प्रशासन के मुताबिक, अब भी 9 से ज्यादा लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गर्मी के मौसम में शाम के वक्त लोग बरगी डैम घूमने जाते हैं। गुरुवार शाम को भी इस क्रूज पर करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। किनारे से करीब 300 मीटर दूर खमरिया टापू के पास क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गया। 10 साल का अनुभव रखने वाले क्रूज के पायलट महेश ने बताया कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम थे, लेकिन तूफान इतना अचानक और तेज था कि क्रूज बेकाबू हो गया और किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद रात में अंधेरे और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आई, लेकिन एसडीआरएफ (SDRF) ने कई लोगों की जान बचा ली। शुक्रवार सुबह से स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की टीमें और भारतीय सेना भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। हैदराबाद से एक स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर जबलपुर पहुंच रहा है। वहीं, कोलकाता से पैरामिलिट्री की विशेष टीम भी पहुंच चुकी है। 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज को निकालने के लिए हाइड्रॉलिक मशीनों और पोकलेन की मदद ली जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले 9 लोगों में से 8 की पहचान हो गई है, जिनमें शामिल हैं: नीतू सोनी (43, जबलपुर), सौभाग्यम अलागन (42, तमिलनाडु), मधुर मैसी (62, नई दिल्ली), काकुलाझी (38, जबलपुर), रेशमा सैयद (66), शमीम नकवी (66), मरिना मैसी (39) और एक 4 साल का मासूम बच्चा त्रिशान मैसी। एक शव की पहचान अभी की जा रही है। इस बड़ी त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ (PMNRF) से जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने बोटिंग के दौरान लाइफ जैकेट पहनी थी, वे सुरक्षित बच गए। सीएम ने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए पर्यटन विभाग से जांच कराई जाएगी। इसके अलावा, अपनी जान पर खेलकर लोगों को बचाने वाले बहादुर नागरिकों को 15 अगस्त पर सम्मानित भी किया जाएगा।
पुलिस चौकी में घुसकर हमला! वर्दी फाड़ी, सिपाही को पीटा — वायरल वीडियो से मचा हड़कंप






















Total Users : 1078319
Total views : 2880838