इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी पति को हथियार समेत किया गिरफ्तार; मौसी ने लगाए प्रताड़ना के गंभीर आरोप
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले से पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक और निर्मम घटना सामने आई है। राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज में एक पति ने शक के अंधेपन में इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी पार्थो घोष ने अपनी ही पत्नी राखी देवी की एक नुकीले लोहे के रॉड से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। राजमहल के एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अवैध संबंध का था शक, पुलिस के सामने कबूला जुर्म पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी पार्थो घोष ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी राखी के चरित्र पर शक था। उसे लगता था कि पत्नी का किसी और के साथ ‘अवैध संबंध’ है। इसी शक के कारण वह पागल हो गया और गुरुवार देर रात उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया वह नुकीला रॉड (जिसका अगला हिस्सा तीर की तरह था) भी बरामद कर लिया है। इलाज के दौरान मालदा में तोड़ा दम जानलेवा हमले में राखी देवी बुरी तरह घायल हो गई थीं। आनन-फानन में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा ले गए, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान राखी जिंदगी की जंग हार गई और उसने दम तोड़ दिया।
Also Read: दर्दनाक हादसा: आंधी-तूफान के बीच बरगी डैम में डूबा क्रूज; 9 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता
दो साल पहले हुई थी शादी, मौसी ने बताया- ‘साजिश कर मारा’ इस पूरे मामले में मृतका राखी की मौसी विफोला देवी ने पुलिस को एक लिखित आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि राखी की शादी महज दो साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मौसी के मुताबिक, गुरुवार को पार्थो ने राखी और उसके घरवालों को समझौता करने के लिए गांव के मुखिया के घर बुलाया था, लेकिन वह खुद वहां नहीं आया। इसके बाद जब राखी गोबरगाड़ी स्थित अपनी मौसी के घर गई हुई थी, तभी पार्थो ने वहां पहुंचकर उस पर यह जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस का एक्शन: आरोपी जेल में, 3 अन्य की तलाश जारी इस जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में तुरंत एक छापेमारी टीम बनाई गई थी, जिसमें राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज और अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने मौसी के आवेदन पर कांड संख्या 139/26 दर्ज कर मुख्य आरोपी पार्थो को दबोच लिया है। एफआईआर (FIR) में पार्थो के अलावा तीन अन्य लोगों को भी इस षड्यंत्र में शामिल बताया गया है, जिनकी भूमिका की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।




















Total Users : 940822
Total views : 2693669