Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

26 साल के झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने का संकल्प, 2050 तक नया मुकाम हासिल करने का लक्ष्य : हेमन्त सोरेन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

स्थापना दिवस पखवाड़ा एवं सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां; महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य पर दिया जोर

रांची, झारखंड। झारखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य को वर्ष 2050 तक देश के विकसित और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि झारखंड ने लंबे संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव के बाद अपनी अलग पहचान बनाई है। अब नई पीढ़ी को राज्य के विकास की जिम्मेदारी संभालते हुए इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए आगे आना होगा।

मुख्यमंत्री खेलगांव परिसर में आयोजित झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह एवं सरकार की दूसरी वर्षगांठ के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित राज्य के निर्माण और अधिकारों की लड़ाई में योगदान देने वाले महापुरुषों एवं मार्गदर्शकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कई विभूतियां अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। 26वां स्थापना दिवस युवाओं के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। इन्हें सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य देना जरूरी है।

खनिज संपदा के बावजूद विकास की चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा के जरिए लंबे समय तक देश और दुनिया को समृद्ध किया, लेकिन राज्य के आदिवासी और मूलवासी समुदाय विकास तथा अपने अधिकारों की दौड़ में पीछे रह गए। अब इस स्थिति को बदलने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और झारखंड को अग्रणी राज्यों की कतार में पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राज्य ने राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बीच लंबा सफर तय किया है। विकास की गति देर से शुरू होने के कारण कई राज्य आगे निकल गए, लेकिन अब झारखंड में भी बदलाव दिखाई देने लगा है।

महिलाओं के उत्पादों को मिल रहा बाजार

मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान विभिन्न जिलों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर स्थानीय बाजार को बढ़ावा दिया है। दिल्ली ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान मिले और उनकी आमदनी बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान राशि मिलने से महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं तथा परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 50 लाख से अधिक परिवारों तक महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये तक की राशि पहुंची है। एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी उन्हें योजना का लाभ दिया जा रहा है।

शिक्षा और युवाओं के कौशल विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक कठिनाइयों से उबारने के लिए सहायता उपलब्ध करा रही है। 11वीं कक्षा के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को सहयोग दिया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, सरकारी विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में कराने के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि वे भोजन की चिंता से मुक्त होकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से काम किया जा रहा है।

2050 तक विकसित राज्यों के समकक्ष पहुंचने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में संसाधनों और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के पास आगे बढ़ने के व्यापक अवसर हैं। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार की सोच और प्रतिबद्धता सवा तीन करोड़ लोगों, विशेषकर युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए समर्पित है। झारखंड को विकास के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करनी होगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित किया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पुलिस सेवा के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक से अलंकृत किया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को भी सम्मान मिला।

मैट्रिक, इंटरमीडिएट और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, लैपटॉप एवं अन्य प्रोत्साहन सामग्री देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका **’द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’** का विमोचन किया गया। वहीं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर प्रस्तुत किया गया।

विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली गई। विभिन्न जिलों से आई महिलाओं और समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री भी आकर्षण का केंद्र रहा।

कई मंत्री, सांसद, विधायक और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेन्द्र प्रसाद और शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा और ममता देवी उपस्थित रहे।

इसके अलावा झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारी तथा राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

News Scale Live | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

SBI में 93.60 लाख के गबन का खुलासा: पत्नी और ड्राइवर के खातों में ट्रांसफर किए थे पैसे, 6 साल बाद मैनेजर झारखंड से गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर 2 बच्चों के पिता को दिल दे बैठी शादीशुदा महिला; पति का घर छोड़ा, 100 रुपये के स्टांप पर 9 शर्तें लिखकर किया प्यार का इकरार

जनजातीय गौरव दिवस की सफलता पर जय श्रीराम समिति ने की समीक्षा बैठक, सभी सरना एवं सनातन समाज के लोगों के प्रति जताया आभार

उपायुक्त की अध्यक्षता में विकास समन्वय की बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों की योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन एवं लंबित कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश

उपायुक्त की अध्यक्षता में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन को लेकर बैठक आयोजित

उपायुक्त की अध्यक्षता में अकील एड़पा कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित, माध्यमिक परीक्षा की तैयारी को लेकर दिए गए निर्देश

Leave a Comment