*हेसल के ग्रामीणों की मांगों को लेकर मुखर हुए धीरज प्रसाद साहू, कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर समाधान कराने का दिया भरोसा*
••••••••
*बॉक्साइट प्लांट में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार, मजदूरों की सुविधाओं और सुरक्षा सहित कई मांगों को लेकर यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित*
लोहरदगा। छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन की हेसल शाखा की ओर से हेसल डंपिंग यार्ड के समीप एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं यूनियन के जिलाध्यक्ष निशिथ जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में हेसल पंचायत के ग्रामीणों, मजदूरों और यूनियन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान ग्रामीणों की ओर से धीरज प्रसाद साहू को मांग-पत्र सौंपा गया। इसमें हिंदाल्को कंपनी के अंतर्गत बीकेबी कंपनी द्वारा संचालित बॉक्साइट क्रशिंग प्लांट में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई। ग्रामीणों ने कहा कि उनके क्षेत्र में कंपनी का कारोबार संचालित हो रहा है, लेकिन स्थानीय युवाओं को अपेक्षित रोजगार और स्थायी नियुक्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे पंचायत के लोगों में असंतोष है।
ग्रामीणों ने अपनी मांगों में प्रति ट्रक अनलोडिंग की दर 610 रुपये करने, मजदूरों के लिए विश्रामागार, शुद्ध पेयजल और शौचालय की व्यवस्था, सुरक्षा के लिए सेफ्टी बूट, हेलमेट एवं ड्रेस उपलब्ध कराने तथा प्लांट में एंबुलेंस की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा बॉक्साइट साइडिंग में ट्रकों की पार्किंग व्यवस्था करने, हेसल चौक एवं बाजोडीह चौक पर हाईमास्ट लाइट लगाने और बाजोडीह से मंगनटोली तक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी की गई।
सबसे महत्वपूर्ण मांग के रूप में प्लांट में 75 प्रतिशत स्थायी नियुक्तियों में हेसल पंचायत के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देने तथा बॉक्साइट ट्रांसपोर्टिंग कार्य में भी 75 प्रतिशत भागीदारी स्थानीय लोगों को देने की मांग उठाई गई।
धीरज प्रसाद साहू ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का रोजगार और मजदूरों का सम्मानजनक जीवन बेहद महत्वपूर्ण है। जिस क्षेत्र में कंपनी का संचालन हो रहा है, वहां के ग्रामीणों को विकास और रोजगार का उचित लाभ मिलना चाहिए। मजदूरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और बुनियादी सुविधाओं से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों की मांगों को कंपनी प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
वहीं यूनियन के जिलाध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को यूनियन की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। मजदूरों को सुरक्षित कार्यस्थल, उचित पारिश्रमिक और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना कंपनी की जिम्मेदारी है। यूनियन ग्रामीणों की जायज मांगों को लेकर लगातार प्रयासरत रहेगी।
बैठक में यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी, उपाध्यक्ष इकरामुल अंसारी, कोषाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, संजय कुमार दुबे, उपप्रमुख ऐनुल अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष यूनुस अंसारी, रुस्तम, मुस्तफा खलीफा, खुर्शीद अंसारी, रफीक अंसारी, विजय भगत, रियाज अंसारी, हन्नान अंसारी, संजू तुरी, तियानत हुसैन, दयानंद हुसैन, नसीम अंसारी, जैनुल अंसारी, सोमरा उरांव, धीरज उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं यूनियन के सदस्य उपस्थित थे।























Total Users : 1283607
Total views : 3160011