2018-19 के दौरान मुख्य प्रबंधक था आरोपी सुनील कुमार झा; बैंक के आंतरिक खातों से निकाली गई थी रकम; पत्नी श्वेता झा और ड्राइवर रुदेश्वर सिंह ठाकुर के अलावा अन्य खाताधारकों को भी भेजे थे पैसे; ACB बिलासपुर की टीम ने दुमका से दबोचा
दुमका। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाल्को शाखा से करीब 93.60 लाख रुपये के गबन के मामले में एसीबी/ईओडब्ल्यू (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो/आर्थिक अपराध शाखा) ने छह साल बाद बड़ी कार्रवाई की है। बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर होने के बाद आगे की पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी/ईओडब्ल्यू से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील कुमार झा (पिता अशोक कुमार झा, उम्र 35 वर्ष) 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक SBI की बाल्को शाखा, कोरबा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। इस दौरान उसके पास बैंक के खातों और वित्तीय लेनदेन की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के आंतरिक खातों से 93,60,797 रुपये अवैध रूप से निकालकर अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रुदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
कैसे हुआ खुलासा?
बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए, जिनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता के स्टेटमेंट शामिल थे। इसके अलावा आरोपी की पत्नी, ड्राइवर और अन्य खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर तैयार किए थे, जिनके जरिए बैंक के खातों से रकम डेबिट कर दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई थी। मामले में जांच के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए), 13(2) और आईपीसी की धाराएं 420, 467, 468 व 471 भी जोड़ी गईं।
छह साल बाद गिरफ्तारी
आरोपी करीब छह साल से फरार था। एसीबी बिलासपुर की टीम ने लगातार दबिश देते हुए उसे झारखंड के दुमका जिले के राखाबानी, रसीकपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया। दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया, जहां कोरबा की संबंधित अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
कहां-कहां भेजे गए पैसे?
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने बैंक के तीन आंतरिक खातों से रकम निकाली थी—टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता। यह रकम उसकी पत्नी श्वेता झा (खाता संख्या 63009221423), वाहन चालक रुदेश्वर सिंह ठाकुर (खाता संख्या 32974507786) और बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में ट्रांसफर की गई थी।
एसीबी का मानना है कि आरोपी ने एक बैंकर के रूप में आपराधिक न्यास भंग करते हुए बैंक को 93.60 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस गबन में अन्य किसकी भूमिका थी और पैसे किन-किन ठिकानों पर भेजे गए थे।




















Total Users : 1283628
Total views : 3160038