पोकलेन मशीन से बिजली केबल क्षतिग्रस्त, इरकॉन कंपनी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
टंडवा (चतरा)। थाना क्षेत्र के शिवपुर-कठौतिया रेलवे निर्माण कार्य में लगी इरकॉन एवं उसकी सहयोगी कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य के दौरान बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो जाने से पदमपुर और धनगड़ा पंचायत के दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, रविवार मध्य रात्रि रेलवे निर्माण कार्य के तहत मिट्टी उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान पोकलेन मशीन से खुदाई करते समय भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बकरू, लेम्बुआ, गोविंदपुर, पदमपुर, रक्सी समेत कई गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
Also Read: बाइक सवार दंपति पर फायरिंग: पत्नी की मौत, पति घायल, पति समेत ससुराल वालों पर FIR
बिजली बाधित होने से क्षेत्र के लोग त्राहिमाम की स्थिति में हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से पेयजल, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं ने रेलवे निर्माण कार्य को बंद करा दिया और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इरकॉन और उसकी सहयोगी कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त बिजली केबल नहीं बदला जाता, तब तक सभी निर्माण कार्य बंद रहेंगे। पदमपुर पंचायत समिति सदस्य सुदर्शन कुमार ने बताया कि बिजली केबल बदलने में दो से तीन दिन का समय और लग सकता है। उन्होंने कहा कि कंपनी की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। इस मौके पर दिनेश कुमार, रामकृत साव, विजय कुमार समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी हस्तक्षेप कर शीघ्र बिजली बहाल कराने की मांग की है।























Total Users : 934680
Total views : 2685427