उपायुक्त ने 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी, दोषियों पर एफआईआर के निर्देश
चतरा। सदर प्रखंड के भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां समेत दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत से जहां पूरा जिला शोक में डूबा है, वहीं इस घटना के बाद सामने आए गंभीर आरोपों ने व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि सदर अस्पताल, चतरा में पोस्टमार्टम कराने के नाम पर उनसे 5000 रुपये की अवैध वसूली की गई। बताया गया कि जब तक पैसे नहीं दिए गए, तब तक शोकाकुल परिवार को इधर-उधर भटकाया जाता रहा। आरोप के अनुसार, 2500 रुपये ऑनलाइन (मोबाइल नंबर 8709858789) पर ट्रांसफर करवाए गए, जबकि शेष 2500 रुपये नकद देने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस कथित उगाही को लेकर परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने इसे न सिर्फ मृतकों बल्कि इंसानियत का भी अपमान बताया है।
उपायुक्त का एक्शन, जांच समिति गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, चतरा द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के लिए एक कमिटी का गठन किया गया है, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी, सदर (अध्यक्ष), सिविल सर्जन, चतरा, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, अस्पताल प्रबंधक, सदर अस्पताल को शामिल किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि गठित टीम 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की गहन जांच कर स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल एक दुखद हादसे के बाद संवेदनशीलता की परीक्षा है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की भी बड़ी कसौटी बन गया है।
तालाब में डूबने से मां समेत दो बेटियों की मौत, गांव में मातम




















Total Users : 919281
Total views : 2664288