बच्चों की लापरवाही से लगी आग, पीड़ित ने मांगा मुआवजा
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के ढेबो गांव में शनिवार दोपहर एक भीषण आगलगी की घटना में किसान टिप्पु कुमार यादव के लगभग 100 बोझा गेहूं जलकर राख हो गए। इस घटना से किसान की छह महीने की मेहनत पल भर में खत्म हो गई। जानकारी के अनुसार, टिप्पु यादव ने करीब 15 कट्ठा खेत में गेहूं की फसल काटकर थ्रेसिंग के लिए खलिहान में बोझे रखे थे। इसी दौरान उनके बेटे की तबीयत खराब होने के कारण वे इलाज कराने शेरघाटी के एक निजी अस्पताल गए हुए थे। इसी बीच अचानक आग लग गई। खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने जब आग की लपटें देखीं तो हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरी फसल जल चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार, खेत के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे और कूड़े में मिली माचिस से आग लगा दी। हवा तेज होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे गेहूं के बोझे को अपनी चपेट में ले लिया। जब टिप्पु यादव को इस घटना की सूचना मिली और वे घर पहुंचे, तो अपनी मेहनत को राख में बदलते देख फूट-फूटकर रो पड़े। पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।






















Total Users : 885216
Total views : 2615859