देर शाम से लापता थे डॉक्टर, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
चतरा। जिले के सदर थाना क्षेत्र में झाड़ियों से एक पशु चिकित्सक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को यहां फेंक दिया।
मृतक की पहचान गंधरिया बहराकोचा गांव निवासी पशु चिकित्सक जोगेंद्र यादव 58 वर्ष के रूप में हुई है, जो चतरा में पशुपालन विभाग में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, वे शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर पहुंचे थे और सब्जी देकर कहा कि “खाना बनाइए, मैं थोड़ी देर में आता हूं”, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई। इसी दौरान शनिवार सुबह महुआ चुनने जंगल जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और इसकी सूचना मुखिया कृष्णा दुबे को दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई और शव को बरामद किया गया।
घटना स्थल सदर थाना क्षेत्र के तपेज-रमना मुख्य सड़क के पास बताया जा रहा है। शव पर कई गंभीर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी गहरा गई है। मौके से मृतक का मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद किया गया है।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप सुमन और सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग से डॉग स्क्वाड टीम को भी बुलाया जा रहा है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस मृतक के मोबाइल की भी जांच कर रही है। प्राथमिक आशंका है कि डॉक्टर की कहीं और हत्या कर शव को तुड़ाग इलाके में लाकर फेंका गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कब तक हो पाता है।






















Total Users : 884619
Total views : 2615041