आरोपी को लेकर उठाए सवाल, पुलिस कार्रवाई की सराहना
चतरा। हजारीबाग के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की नृशंस हत्या के मामले को लेकर चतरा में सियासत तेज हो गई है। झामुमो जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस घटना को लेकर भाजपा सांप्रदायिक राजनीति कर रही थी, उसी मामले का मुख्य आरोपी भाजपा से जुड़ा व्यक्ति निकला है। उन्होंने भाजपा के “चाल-चरित्र” पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी जाति और धर्म की राजनीति कर जनता को गुमराह करती है। ज्ञासेन ने यह भी कहा कि भाजपा एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर उसके नेता गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। उन्होंने झारखंड पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रेस वार्ता में झामुमो जिला सचिव चंद्रदेव साहू, जिला कोषाध्यक्ष नीतेश कुमार राणा तथा झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















Total Users : 882800
Total views : 2612450