छऊ नृत्य और झांकियों ने बांधा समा, अतिथियों को अंगवस्त्र एवं तलवार देकर किया गया सम्मानित
हंटरगंज (चतरा)। वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के जोरी में रामनवमी विजयादशमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया। शोभायात्रा जोरी बस स्टैंड से प्रारंभ होकर चतरा-डोभी मुख्य पथ के काली मंदिर, मेन बाजार, प्रतापपुर बस स्टैंड और जोरी थाना होते हुए बानसिंह मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान प्रसिद्ध डीजे की धुन पर युवा रातभर झूमते नजर आए। भव्य झांकियां और पारंपरिक छऊ नृत्य इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने लोगों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ धार्मिक गीतों पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक नृत्य करते दिखे। कार्यक्रम में डीएसपी अमिता लकड़ा, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, जोरी मंडल अध्यक्ष गायत्री देवी, पंचायत मुखिया रामरतन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र एवं तलवार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। समापन समारोह के दौरान डीएसपी अमिता लकड़ा ने आरएनएस क्लब मास्टर मोहल्ला, विद्यार्थी संघ पूजा समिति बीच बाजार, वीर हिंदू क्लब पीपल पात्ती मोहल्ला, शेषनाग क्लब बानसिंह एवं कसाना डीजे को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कप देकर सम्मानित किया।






















Total Users : 872009
Total views : 2597302