दरिंदगी के खिलाफ उबाल, सड़कों पर उतरे लोग बोले—दोषियों को फांसी दो
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुंबा क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना के विरोध में रविवार को जोरदार कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च प्लस टू उच्च विद्यालय से शुरू होकर अखाड़ा चौक, अस्पताल चौक होते हुए सात माइल मोड़ तक पहुंचा, जहां लोगों ने एकजुट होकर न्याय की आवाज बुलंद की। मार्च के दौरान “दोषियों को फांसी दो”, “पीड़िता को न्याय दो” और “बलात्कारियों को सजा दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और राज्य सरकार के प्रति भी नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना था कि ऐसी जघन्य घटना करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस दौरान सदर विधायक प्रदीप प्रसाद भी कैंडल मार्च में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे समाज के लिए शर्मनाक है और दोषियों को फांसी की सजा मिलनी ही चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और न्याय दिलाने का संकल्प लिया। वहीं आंदोलनकारियों ने विष्णुगढ़ बाजार के दुकानदारों से 30 मार्च को स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखने की अपील भी की है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






















Total Users : 871967
Total views : 2597249