भक्तों ने फल अर्पित कर मां से मांगी कृपा
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल मां भद्रकाली मंदिर में गुरुवार को चौत्र नवरात्र के अवसर पर संधि बलि का अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर जय मां भद्रकाली के जयकारों से गुंजायमान रहा। परंपरा के अनुसार संधि बलि का अनुष्ठान मंदिर परिसर स्थित साधना चबूतरा पर किया गया। अनुष्ठान से पूर्व मां भद्रकाली की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसके बाद पुजारियों के मंत्रोच्चारण के साथ संधि बलि की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। यह अनुष्ठान लगभग एक घंटे तक चला। इस पावन अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य सीताराम सिंह, प्रदीप सिंह, मृत्यंजय सिंह, विजय चौरसिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने फलों की बलि अर्पित कर मां से सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 2ः11 बजे के पश्चात सर्वप्रथम माता को कुष्मांड (कद्दू) की बलि अर्पित की गई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न फलों की बलि चढ़ाई गई। संधि बलि के पश्चात घी के दीप एवं कपूर से माता की भव्य महाआरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने भक्तिभाव के साथ अनुष्ठान में भाग लिया।



















Total Users : 868096
Total views : 2591823