देसी पिस्टल और जिंदा गोली बरामद, इलाके में दहशत फैलाने की थी तैयारी
गुमला: जिले के सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया। पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमां को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई, जिसमें दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सिसई थाना रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक पान गुमटी के पीछे झोपड़ीनुमा स्थान पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को मौके से धर दबोचा। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक कुमार शर्मा (25 वर्ष) और मो. समीउल्लाह अंसारी उर्फ गालू (39 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान प्रतीक कुमार शर्मा के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसके मैगजीन में एक जिंदा गोली भी पाई गई। गोली पर “7.65 केएफ” अंकित था, जो गंभीर आपराधिक मंशा की ओर संकेत करता है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने यह हथियार किसी अन्य व्यक्ति से खरीदा था। उनका उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाकर अपना दबदबा कायम करना था। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मो. समीउल्लाह अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सिसई थाना में पहले से मारपीट, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक बड़ी घटना होने से पहले ही टाल दी गई।
घटना के बाद सिसई और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



















Total Users : 868144
Total views : 2591898