आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
सिमरिया (चतरा)। स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में सिमरिया रेफरल अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यहां आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत प्रथम चरण का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। योजना के पहले चरण के अंतर्गत अब अस्पताल आने वाले मरीजों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत प्रत्येक मरीज की एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी बनाई जा रही है, जिसमें मरीज के इलाज, जांच रिपोर्ट और दवाइयों से जुड़ी सभी जानकारी सुरक्षित रूप से ऑनलाइन दर्ज रहेगी। इससे मरीजों को बार-बार पुरानी रिपोर्ट या पर्चियां साथ रखने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। चिकित्सा प्रभारी डॉ. बी.एन. प्रसाद ने बताया कि इस नई व्यवस्था से मरीजों को पंजीकरण और उपचार में लगने वाले समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सिस्टम के माध्यम से डॉक्टर किसी भी समय मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री देख सकेंगे, जिससे इलाज और अधिक प्रभावी एवं सटीक होगा। भविष्य में अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को भी इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। गौरतलब है कि यह महत्वाकांक्षी योजना फिलहाल जिले के चुनिंदा अस्पतालोंकृचतरा सदर अस्पताल एवं सिमरिया रेफरल अस्पतालकृमें ही लागू की गई है। इस पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह है, क्योंकि अब उन्हें अपने ही क्षेत्र में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।






















Total Users : 867075
Total views : 2590464