बड़ा हादसा, कई की हालत गंभीर
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हंटरगंज-शेरघाटी मुख्य मार्ग पर सोनबरसा गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिला अंतर्गत शेरघाटी थाना क्षेत्र के उचिरमा गांव निवासी पाचू मांझी अपने परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ चतरा के प्रसिद्ध कौलेश्वरी धाम में मुंडन संस्कार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया स्थित मगध चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में रंजन कुमार, राहुल कुमार, राकेश कुमार, प्रीति कुमारी, पूनम कुमारी, नितेश कुमार, मनोज मांझी, पायल कुमारी, रामदही मांझी, सैउनी देवी, सुरमिया देवी, मुन्नी देवी, सन्नी देवी, मिथलेश मंडल, मिथलेश मांझी, मैनी देवी, राधिका कुमारी, बेमतीया सहित अन्य शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चियों की स्थिति चिंताजनक है। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने घटना पर चिंता जताते हुए लोगों से अपील की है कि धार्मिक यात्राओं में ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे असुरक्षित साधनों का उपयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रॉली केवल माल ढुलाई के लिए होती है, यात्रियों के लिए नहीं। यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और असुरक्षित यात्रा के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित वाहनों का उपयोग करने और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



















Total Users : 868004
Total views : 2591683