अनियंत्रित बाइक पुल की रेलिंग से टकराई, इलाके में मचा हड़कंप
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज–प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर गेंजना मोड़ के समीप देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ गेंजना पंचायत के मुखिया पति प्रभु भारती ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। हंटरगंज पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था, जिसकी अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लिपदा गांव निवासी पंकज कुमार एवं रंजन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्रतापपुर से हंटरगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गेंजना पुल पर बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले बालू के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर पड़ी सामग्री को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दोनों घायलों को पांडेपुरा पिकेट पुलिस द्वारा हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




















Total Users : 860851
Total views : 2581733