अकीदत के साथ अदा की गई नमाज, अमन-शांति की मांगी दुआ
चतरा/टंडवा/गिद्धौर/पत्थलगड़ा: शनिवार को जिले भर में ईद-उल-फितर का पावन पर्व उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। रमजान के रोजे के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत और एहतराम के साथ ईद की नमाज अदा की। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहार को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। टंडवा, गिद्धौर व पत्थलगड़ा आदि प्रखंड में शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाहों व मस्जिदों में नमाज अदा की। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ईद का पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रखंड सहित पूरे देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। मुख्य बाजारों में ईद को लेकर रौनक देखने को मिली। दूध, सेवईयां, इत्र, टोपी और सुरमा की खरीदारी में लोग जुटे रहे। नमाज के बाद विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि व समाजसेवी भी मस्जिदों के पास पहुंचकर ईद की खुशियों में शामिल हुए और सेवईयां खाकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया। वहीं गिद्धौर, पत्थलगड़ा, सिमरिया, इटखोरी, प्रतापपुर सहित अन्य प्रखंडों में भी मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर संबंधित प्रखंड के बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी आदि ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।





















Total Users : 857882
Total views : 2577502