सांसद-विधायक ने किया उद्घाटन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कुंदा (चतरा)। आदिवासी संघ युवा अध्यक्ष रंजीत भोक्ता के नेतृत्व में महादेव मठ यज्ञ मैदान में प्राकृतिक सरहुल पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह एवं विधायक जनार्दन पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि प्राकृतिक पर्व का वास्तविक अर्थ पेड़ों को बचाकर पर्यावरण का संरक्षण करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पेड़ों की रक्षा करें और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं। वहीं विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि हमें पेड़-पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। महुआ चुनने के दौरान कई लोग अज्ञानतावश आग लगा देते हैं, जिससे वनस्पतियों को भारी नुकसान होता है। ऐसी गतिविधियों से बचना जरूरी है, तभी सरहुल पर्व का महत्व सार्थक होगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि पहली बार कुंदा में सांसद और विधायक ने इस तरह के कार्यक्रम का उद्घाटन किया है। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संघ के सदस्यों ने सांसद और विधायक को मांदर की थाप पर नचाया और सभी ने मिलकर सरहुल पर्व का आनंद उठाया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलेश्वर भोक्ता, लोजपा नेता चंद्रिका यादव, प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती, नवादा मुखिया भरत यादव, बौधाडीह मुखिया अनीता देवी, भाजपा नेता मनोज यादव, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र सौंडिक, राजद महिला प्रकोष्ठ जिला सचिव सुनीता देवी, राजद जिला उपाध्यक्ष दिलीप प्रसाद यादव, लवकुश गुप्ता, सत्येंद्र सिंह, घनश्याम यादव, उपेंद्र गंझु, बिनोद साव, भीम महतो, पाहन कड़क सींग भोक्ता, शिवदयाल गंझु सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित थे।





















Total Users : 857882
Total views : 2577508