अमन-चैन की दुआओं के साथ लोहरदगा में उमड़ा भाईचारे का सैलाब
लोहरदगा। गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए लोहरदगा जिले में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार सुबह जिले की तमाम ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां हजारों हाथ एक साथ मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली की दुआ के लिए उठे। शुक्रवार की रात चांद का दीदार होते ही मुबारकबादों का सिलसिला शुरू हो गया था। शनिवार सुबह निर्धारित समय पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में इमामों ने नमाज अदा कराई और विशेष तकरीर पेश की। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिले और ‘ईद मुबारक’ कहकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान बुजुर्गों, युवाओं और नन्हे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो प्रेम और भाईचारे का संदेश देते नजर आए।
नमाज के बाद पूरे जिले में ईद मिलन का सिलसिला चलता रहा। गांवों और शहरी इलाकों में लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयों का आनंद लिया। यह पर्व किसी एक समुदाय तक सीमित न रहकर पूरे जिले में आपसी एकता और सद्भाव का प्रतीक बन गया। त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासन के निर्देश पर सभी संवेदनशील स्थानों, ईदगाहों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने खुद क्षेत्र में भ्रमण कर आम लोगों को ईद की बधाई दी। उनकी सक्रियता और सजगता के कारण पूरे जिले में शांति, सुरक्षा और उल्लास का माहौल बना रहा।




















Total Users : 857878
Total views : 2577491