Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

सरहुल और ईद पर झूम उठा क्षेत्र, दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

On: March 21, 2026 11:17 PM
Follow Us:
---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

एक ही दिन दो त्योहारों ने बढ़ाई खुशियां, लोगों ने गले मिलकर दी बधाई

चतरा/सिमरिया: जिला मुख्यालय समेत सिमरिया अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को सरहुल और ईद का पर्व आपसी भाईचारे, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। एक ही दिन दो बड़े त्योहार पड़ने से पूरे क्षेत्र में दोहरी खुशी का माहौल रहा। इस दौरान हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदायों के बीच अटूट एकता और सौहार्द की मिसाल देखने को मिली, जहां लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। सरहुल के अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने सिमरिया फुटबॉल मैदान में सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन किया। पाहन द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत सरना स्थलों पर पूजा-अर्चना की गई। मांदर की थाप पर थिरकते श्रद्धालुओं ने प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद, थाना प्रभारी सूरज प्रताप सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को पगड़ी पहनाकर और पुष्प देकर सम्मानित किया। वहीं दूसरी ओर, मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद के मौके पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा की। नमाज के बाद देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी नए परिधानों में उत्सव का आनंद लेते नजर आए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सिमरिया थाना प्रभारी सूरज प्रताप सिंह के नेतृत्व में संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और अधिकारी लगातार गश्त करते रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को बधाई दी। त्योहारों को लेकर सिमरिया मुख्य बाजार समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में काफी चहल-पहल रही। पकवानों और मिठाइयों की खुशबू से पूरा इलाका महक उठा। दोपहर बाद सड़कों पर दोनों समुदायों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बन गया। इस मौके पर आदिवासी समाज ने विशाल जुलूस निकालकर जमकर गुलाल उड़ाया और पटाखे छोड़े।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment