मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजेताओं को किया सम्मानित, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
रांची। हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप-वन मैदान में आयोजित झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के समापन समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेलों के विजेताओं एवं उपविजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड पुलिस के जवान राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के कई जवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राज्य और देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में भाग लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर प्रयास और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आगे भी खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का सबसे बेहतर माध्यम है। झारखंड पुलिस द्वारा जवानों के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है, जिससे उनमें फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है।
इस मौके पर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी एवं राज्यभर से आए प्रतिभागी जवान उपस्थित थे।




















Total Users : 855060
Total views : 2573657