ईद, सरहुल और रामनवमी पर शांति बनाए रखने हेतु 24 घंटे मुस्तैद रहने को कहा
रांची। हेमंत सोरेन ने ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर राज्य में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस बैठक में वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों से तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों और किसी भी स्थिति में अशांति, हिंसा या उपद्रव की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद, सरहुल, रामनवमी के साथ-साथ हनुमान जयंती और महावीर जयंती जैसे अन्य त्योहार भी नजदीक हैं, ऐसे में पूरे अवधि तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं। संवेदनशील इलाकों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए। उन्होंने जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और शोभायात्राओं की वीडियोग्राफी कराने को कहा। साथ ही ड्रोन से निगरानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। असामाजिक तत्वों की पहचान कर पहले से ही कार्रवाई करने को कहा गया। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने जुलूस मार्गों में सेफ जोन बनाने और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, दंगा रोधी वाहन और वॉटर कैनन तैयार रखने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश:
जुलूस मार्ग में निर्बाध बिजली और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था
भड़काऊ और उत्तेजक गानों पर पूर्ण प्रतिबंध
सभी शोभायात्राओं की वीडियोग्राफी और ड्रोन निगरानी
संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे की तैनाती
आपात स्थिति के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और सुरक्षा उपकरण तैयार
झंडों की लंबाई को लेकर हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करें और सभी समुदायों के सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं।




















Total Users : 855036
Total views : 2573624